Published:
04 Apr 2026, 09:52 AM
|
Updated:
04 Apr 2026, 09:54 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ मेला–2027 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिंहद्वार से शहीद भगत सिंह घाट तक निर्माणाधीन घाटों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, चेंजिंग रूम और प्रसाधन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ‘ग्रीन घाट’ विकसित करने का निर्देश भी दिया गया। मुख्य सचिव ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी में नवीनतम आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर शहरी विकास सचिव नितेश झा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
