Published:
19 Mar 2026, 06:20 AM
|
Updated:
19 Mar 2026, 06:21 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
लालकुआं पुलिस को सघन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी।
गांधीनगर वार्ड नंबर 2 स्थित पानी की टंकी के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुदित शर्मा (19) पुत्र सोनू शर्मा, निवासी अंबेडकर नगर वार्ड नंबर 1, लालकुआं के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 50/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शंकर नयाल, कांस्टेबल कमल विष्ट और कांस्टेबल दिलीप कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
