Published:
05 Apr 2026, 03:13 PM
|
Updated:
05 Apr 2026, 03:15 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
नैनीताल जिले के लालकुआं स्थित गौला नदी के देवरामपुर निकासी गेट पर रविवार सुबह बिना तुले डंपरों के प्रवेश को लेकर विवाद हिंसक हो गया। गेट इंचार्ज सौरभ मराठा द्वारा दोबारा तौल कराने के निर्देश देने पर खनन कारोबारियों से कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने गेट इंचार्ज के साथ हाथापाई की और उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
घटना से नाराज वन विकास निगम के कर्मचारियों ने विरोध में देवरामपुर गेट सहित लालकुआं से हल्द्वानी के बीच सभी 11 निकासी गेट बंद कर दिए, जिससे खनन कार्य पूरी तरह ठप हो गया। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन डंपर बिना कांटे में तुले ही नदी क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे, जिसे लेकर यह विवाद शुरू हुआ।
मौके पर पुलिस, वन विभाग और निगम के अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। डीएलएम धीरेश बिष्ट के अनुसार आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी जा रही है और संबंधित वाहन को सीज कर पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं गेट अध्यक्ष भगवान धामी ने कांटे में खराबी को विवाद की वजह बताया है। फिलहाल प्रशासन स्थिति को सामान्य करने और गेटों को जल्द खुलवाने के प्रयास में जुटा हुआ है।
