Published:
16 Feb 2026, 01:42 PM
|
Updated:
16 Feb 2026, 01:44 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
लालकुआं में सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय के बाहर उस समय माहौल गरमा गया जब आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
मामला निवर्तमान चेयरमैन लालचन्द्र सिंह की तस्वीर कार्यालय में न लगाए जाने से जुड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने इसे दलित समाज के सम्मान से जोड़ते हुए प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिन जनप्रतिनिधियों ने जनता की सेवा की, उनका सम्मान करना हर संस्थान की जिम्मेदारी है। तस्वीर न लगाना न केवल अनदेखी है, बल्कि संविधान की मूल भावना के विपरीत कदम है।
नारेबाजी के बीच अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत का घेराव किया गया और जल्द कार्रवाई की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर नगर पंचायत परिसर में भव्य द्वार निर्माण की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि बाबा साहेब के योगदान को सम्मान देना हर संस्था का नैतिक कर्तव्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही निवर्तमान चेयरमैन की तस्वीर नहीं लगाई गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
हालांकि, बढ़ते विरोध के बीच अधिशासी अधिकारी ने आश्वासन दिया कि तस्वीर शीघ्र ही कार्यालय में लगा दी जाएगी और मांगों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति शांत है, लेकिन आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
