लालकुआं में भाजपा का उग्र प्रदर्शन, एआई समिट विवाद पर राहुल गांधी का पुतला दहन

Published: 22 Feb 2026, 04:31 PM   |   Updated: 22 Feb 2026, 04:31 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

लालकुआं (नैनीताल)। राजनीतिक गर्मी का असर सोमवार को लालकुआं की सड़कों पर साफ नजर आया। राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कथित अर्धनग्न प्रदर्शन की खबर सामने आते ही स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश भड़क उठा।

भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौराहे पर एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी की और राहुल गांधी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी उग्र रहा और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखे आरोप लगाए।

युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर आयोजित इतने महत्वपूर्ण कार्यक्रम में इस तरह का प्रदर्शन न केवल शर्मनाक है, बल्कि देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कृत्य से भारत की वैश्विक छवि प्रभावित हुई है।

कोश्यारी ने राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि देश के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर पार्टी किसी भी कीमत पर चुप नहीं बैठेगी।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, महामंत्री धीरज सम्मल “बॉबी”, विनोद शर्मा, चंदन बिष्ट, रोहन चौधरी, हेम जोशी, भारत जेठा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। हालांकि, इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।

वीडियो और देखें
×