Published:
16 Jul 2026, 09:10 AM
Category:
अपराध
|
By: Admin
रुड़की। पिरान कलियर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता को पति द्वारा तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं महिला ने पुलिस को तहरीर देकर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पिरान कलियर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर दी है, तहरीर में बताया गया है कि साल 2015 में उसका निकाह (उत्तर प्रदेश) के जनपद शामली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। निकाह में मायके पक्ष ने सोने-चांदी के जेवर, घरेलू सामान और एक मोटरसाइकिल समेत अन्य दहेज दिया था। महिला का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद ही उसका पति कार की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी, वहीं, पीड़िता का आरोप है कि उसके पति के दूसरी महिला से संबंध थे और उसने उससे दूसरा निकाह भी कर ली। जिसका विरोध करने पर पति ने उसे तीन तलाक देकर निकाल दिया। पीड़ित महिला का कहना है कि उसने पहले महिला हेल्पलाइन में भी मामले की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने कोतवाली पिरान कलियर में पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
