Published:
07 May 2026, 07:54 AM
Category:
राजनीति व प्रशासन
|
By: Admin
देहरादून। चंपावत में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले पर प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने धामी सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए है। दुष्कर्म मामले को लेकर उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। इस राज्य में तो अब रक्षक ही भक्षक बनते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने ने कहा कि चंपावत की शांत वादियों में घटी इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है।
यशपाल आर्य ने कहा कि आरोपी छात्र और पूर्व प्रधान दोनों चाचा भतीजा हैं। यशपाल आर्य ने कहा कि जब पीड़िता ने अपने घर पर फोन करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि जब सत्ता में बैठे लोग ही ऐसी घटनाओं को अंजाम देंगे तो प्रदेश की माताएं बहने आखिर किस पर भरोसा करेंगी। उन्होंने मांग उठाई कि सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करके दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जाए। इसके अलावा आरोपितों को राजनीतिक संरक्षण देने वालों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेताया कि उत्तराखंड की जनता अब चुप नहीं बैठने वाली है। इस वारदात के बाद जनता में आक्रोश पनप रहा है।
इधर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दो टूक कहा कि सरकार को अपराधियों को संरक्षण नहीं देना चाहिए और तत्काल इस मामले पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। बता दें कि बीते दिन चंपावत में नाबालिग से तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म से सनसनी मच गई थी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आरोपियों के खिलाफ आक्रोश है।
