शरारती तत्वों ने दून अस्पताल में तोड़फोड़ और चोरी की वारदात को दिया अंजाम

Published: 04 Jul 2026, 07:41 AM
Category: राज्य   |   By: Admin


देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग में बीती रोज शरारती तत्वों ने खूब उत्पात मचाया है। बताया जा रहा है कि कई घंटे तक चोर शौचालयों के अंदर तोड़फोड़ और चोरी करते रहे। चोरों ने शौचालय के अंदर घुसकर वॉश बेसिन के ऊपर लगाई गई नलों की टोंटियां और शीशे तक नहीं छोड़ी।
 दून अस्पताल की नई ओपीडी बिल्डिंग ब्लाक बी के दूसरे फ्लोर के शौचालय में हुई तोडफोड की भनक तक सुरक्षाकर्मियों को नहीं लगी। इस मामले का खुलासा सुबह के वक्त हुआ जब ओपीडी के लिए कर्मचारी अस्पताल आए। यहां बिल्डिंग में महिला शौचालय के कई वॉश बेसिन टूटे पडे़ थे। दून अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ वरुण मित्तल ने जानकारी दी कि इस मामले में पुलिस को शिकायत दी जा रही है। हमने सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले लोगों से भी अपील की जा रही है कि सरकारी संपत्ति को इस तरह से नुकसान न पहुंचाएं। साथ ही अस्पताल प्रबंधन ने जांच बैठा दी है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर सुरक्षा कर्मियों की जवाबदेही तय की गई है। डॉ मित्तल ने बताया कि अस्पताल प्रशासन इस बात की भी बारीकी से जांच कर रहा है, कि शौचालय में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले मरीज थे, या फिर कोई नशा करके शौचालय में घुसा था। इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शौचालय में घुसकर असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ करने के साथ ही कुछ सामान भी चोरी किया है। इसी घटना के बाद से अस्पताल की सुरक्षा पर सवालिया निशान उठ रहे हैं। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से सुरक्षा का दायरा बढ़ाया गया है। सुरक्षा कर्मियों को 24 घंटे अस्पताल की निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल में आने जाने वाले संदिग्ध लोगों पर भी निगाह रखने को कहा गया है।

वीडियो और देखें
×