Published:
11 Feb 2026, 06:36 AM
|
Updated:
11 Feb 2026, 06:38 AM
Category:
उत्तर प्रदेश
|
By: Admin
बरेली। शहर के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित मॉडल टाउन कॉलोनी में तड़के संदिग्ध गतिविधियों से हड़कंप मच गया। कॉलोनी में रहने वाले जनसेवा ई-रिक्शा ऑटो चालक एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष मनजीत सिंह बिट्टू ने पुलिस से शिकायत कर आरोप लगाया है कि दो अज्ञात युवक घरों की रेकी करते हुए वीडियो बना रहे थे।
मनजीत सिंह बिट्टू के अनुसार, 8 फरवरी की सुबह करीब 4:40 बजे दो युवक कॉलोनी में घूमते नजर आए। आरोप है कि दोनों कई घरों के बाहर रुक-रुककर वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इतना ही नहीं, वे वीडियो कॉल के जरिए अपने अन्य साथियों को इलाके की स्थिति दिखा रहे थे। कुछ घरों में घुसने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दोनों युवक कैप लगाए गली में चक्कर लगाते और करीब 20 मिनट तक संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिए। इस घटना के बाद से कॉलोनी में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं।
मनजीत सिंह बिट्टू ने एसएसपी से मांग की है कि किसी बड़ी वारदात से पहले ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में गंभीर घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
शिकायत के बाद सर्विलांस इंस्पेक्टर ने एसपी क्राइम के निर्देश पर कॉलोनी में पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
