देहरादून में पांच दिवसीय अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम: मतदाता जागरूकता, विज्ञान, राष्ट्रवाद और पर्यावरण पर हुआ व्यापक संवाद

Published: 27 Jan 2026, 09:20 AM   |   Updated: 27 Jan 2026, 09:21 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में मेरा युवा भारत देहरादून द्वारा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र (SCERT), देहरादून में आयोजित पांच दिवसीय अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के द्वितीय एवं तृतीय दिवस विविध शैक्षिक, सामाजिक और राष्ट्रनिर्माण गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

कार्यक्रम के द्वितीय दिवस में मतदाता दिवस के अवसर पर ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी देहरादून में मतदाता जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में शामिल सभी 37 युवा प्रतिभागियों ने आम नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया तथा लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर संदेश दिया। इसके पश्चात प्रतिभागियों को ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा संस्थानों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त हुई।

इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने आंचलिक विज्ञान केंद्र देहरादून का भ्रमण किया, जहां युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), आधुनिक तकनीक एवं सामान्य विज्ञान से संबंधित रोचक और ज्ञानवर्धक जानकारी दी गई, जिससे वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहन मिला।

कार्यक्रम के तृतीय दिवस का शुभारंभ 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ हुआ। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के पश्चात विभिन्न ज्ञानवर्धक सत्रों का आयोजन किया गया। प्रातः सत्र में डॉ. अवधेश शर्मा ने युवाओं के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं प्रौढ़ शिक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

इसके उपरांत एडवोकेट डॉ. रेनू डी.के. सिंह ने युवाओं को मानवाधिकारों की विस्तृत जानकारी दी और उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। संध्या सत्र में लेफ्टिनेंट मोहित सिंह बिष्ट ने राष्ट्रवाद और देशभक्ति विषय पर युवाओं के साथ गहन संवाद किया, जिससे युवाओं में देशप्रेम की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।

अंतिम सत्र में पर्यावरणविद अवधेश पंडोरी ने जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर माय भारत देहरादून की उपनिदेशक मोनिका नांदल द्वारा सभी प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम सहायक प्रवेश सिंह बजवाल सहित देहरादून के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, वैज्ञानिक सोच, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

वीडियो और देखें
×