Published:
16 Feb 2026, 01:35 PM
|
Updated:
16 Feb 2026, 01:36 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
उत्तराखंड के शांत पहाड़ों के बीच बसे नैनीताल में सोमवार की सुबह अचानक दहशत में बदल गई। जिला न्यायाधीश के आधिकारिक ईमेल आईडी पर आए एक धमकी भरे संदेश ने पूरे न्यायिक तंत्र को हिला कर रख दिया।
ईमेल में दावा किया गया कि न्यायाधीश के चैंबर में आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं और दोपहर 12:15 बजे तक कोर्ट परिसर खाली नहीं किया गया तो बड़ा धमाका हो सकता है। इतना पढ़ते ही प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया।
एहतियात के तौर पर जिला एवं सत्र न्यायालय नैनीताल के साथ-साथ रामनगर कोर्ट और हल्द्वानी स्थित जजी कोर्ट को तुरंत खाली करा लिया गया। अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सुबह की सामान्य चहल-पहल की जगह कोर्ट परिसर में सन्नाटा और बेचैनी पसरी रही।
सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई।
एसएसपी के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे रहे। SOP के तहत फ्रिस्किंग और सर्च ऑपरेशन दोपहर बाद तक जारी रहा।
बार एसोसिएशन हल्द्वानी के अध्यक्ष के अनुसार, धमकी भरा ईमेल सुबह 8:41 बजे प्राप्त हुआ। मेल में एलटीटीई और पाकिस्तान आईएसआई का भी जिक्र किया गया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
करीब डेढ़ बजे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस इस धमकी को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। साइबर टीम ईमेल के स्रोत की जांच में जुट गई है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता और अधिवक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि धमकी देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
शांत माने जाने वाले पहाड़ी शहर में इस तरह की धमकी ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। फिलहाल सबकी निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं।
