कालाढूंगी क्षेत्र में 14 फरवरी 2026 की रात झगड़ा और फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया था। अब पुलिस ने मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, चौकी बेलपड़ाव को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हल्द्वानी रोड स्थित बैलपोखरा गांव जाने वाले तिराहे के पास कुछ व्यक्तियों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटनास्थल से मिले 13 खोखे
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वीडियोग्राफी कराई। मौके से 32 बोर के 11 खोखे और .22 बोर के 02 खोखे बरामद किए गए।
16 फरवरी को ग्राम बच्चीनगर निवासी वादिनी बलजीत कौर की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में एफआईआर संख्या 17/2026 दर्ज की गई। विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक को सौंपी गई।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले का संज्ञान लेते हुए डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
सुरागरसी और पतारसी के आधार पर 20 फरवरी 2026 को गडप्पू बैरियर के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
-
गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (33), निवासी शेखपुरा, थाना स्वार, रामपुर (उ.प्र.)
-
रंजीत सिंह (31), निवासी बैलपोखरा, कालाढूंगी
-
मनदीप सिंह उर्फ मंगा, निवासी ग्राम उदयपुर (महादेव), बैलपड़ाव
पुलिस के अनुसार रंजीत सिंह के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद
-
गुरप्रीत सिंह से 01 देशी पिस्टल व 02 जिंदा कारतूस
-
रंजीत सिंह से 01 देशी पिस्टल व 02 जिंदा कारतूस
-
मनदीप सिंह से .22 बोर तमंचा व 01 जिंदा कारतूस
-
घटनास्थल से 11 अदद 32 बोर और 02 अदद .22 बोर के खोखे
आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा (FIR No. 18/2026) भी दर्ज किया गया है। न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं।
पुरानी रंजिश बनी फायरिंग की वजह
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आपसी पुरानी रंजिश के चलते विवाद बढ़ा और कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 1,500 रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
