Published:
07 Mar 2026, 08:00 AM
|
Updated:
07 Mar 2026, 08:04 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
प्रदेश में वर्षवार भर्ती प्रणाली की बहाली की मांग को लेकर नर्सिंग अधिकारियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को एकता विहार धरना स्थल पर यह धरना 93वें दिन भी जारी रहा, लेकिन आंदोलनकारियों का कहना है कि अब तक सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
आंदोलनकारी नर्सिंग अधिकारियों का कहना है कि भर्ती नियमावली में किसी भी तरह का बदलाव लागू करने से पहले सभी लंबित बैचों को वर्षवार प्रणाली के तहत अवसर दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भी वर्षवार क्रम के आधार पर भरने की मांग उठाई है।
उनका कहना है कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो कई वर्षों से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिल पाएगा।
आंदोलनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक शासन-प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध लेने धरना स्थल तक नहीं पहुंचा है, जिससे अभ्यर्थियों में नाराज़गी लगातार बढ़ती जा रही है।
इसी के चलते नर्सिंग अधिकारियों ने महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वे बहल चौक से मुख्यमंत्री आवास तक रैली निकालेंगे और सरकार से अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील करेंगे।
नर्सिंग एकता मंच के प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत से भी मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में व्यापक रूप दिया जाएगा।
