पिथौरागढ़ तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, अव्यवस्था पर सख्त निर्देश

Published: 07 Apr 2026, 10:55 AM   |   Updated: 07 Apr 2026, 10:55 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

पिथौरागढ़ में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने तहसील परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कार्य कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कोर्ट के नियमित संचालन और लंबित वादों के त्वरित निस्तारण के लिए उपजिलाधिकारी सदर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही सभी कक्षों में कार्मिकों की नाम पट्टिका टेबल पर रखने, पत्रावलियों के व्यवस्थित संधारण और निस्तारण, तथा अलमारियों के बाहर दस्तावेजों की सूची चस्पा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने तहसील में आए नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में सूचना बोर्ड, होर्डिंग और डिजिटल स्क्रीन लगाने के साथ-साथ बड़े बकायेदारों की सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करने को भी कहा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

वीडियो और देखें
×