पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसा: मटेला बैंड के पास 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दंपती की मौत

Published: 23 Feb 2026, 07:22 AM   |   Updated: 23 Feb 2026, 07:26 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

पिथौरागढ़ में रविवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। मटेला बैंड से करीब एक किलोमीटर आगे शहीद द्वार के पास शाम लगभग छह बजे एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा और घाट चौकी पुलिस तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। कोतवाली पिथौरागढ़, आपदा कंट्रोल रूम और एसडीआरएफ को भी सूचित किया गया।

घाट चौकी प्रभारी जितेंद्र सोराड़ी ने बताया कि वाहन संख्या यूके 06 एजेड 8788 गहरी खाई में गिरा हुआ मिला, जिसमें दो लोग सवार थे। एसडीआरएफ की टीम ने कठिन भू-भाग और अंधेरा बढ़ने के बीच कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।

मृतकों की पहचान बजेटी निवासी योगेश कुमार (38) पुत्र जीवन राम और उनकी पत्नी निधि आर्या (34) के रूप में हुई है। योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग, टकाना पिथौरागढ़ में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी रानीखेत में सरकारी सेवा में तैनात थीं।

बताया जा रहा है कि दंपती गंगोलीहाट में अपने रिश्तेदार के बेटे की बरात में शामिल होने गए थे। बरात के लोहाघाट पहुंचने के बाद वे सीधे पिथौरागढ़ लौट रहे थे। खुशियों में शामिल होकर लौट रहे इस दंपती को क्या पता था कि रास्ते में ही जिंदगी की डोर टूट जाएगी।

इलाके में शोक की लहर

हादसे की खबर फैलते ही बजेटी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विभागीय कर्मचारियों और परिचितों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। बताया जा रहा है कि दंपती मिलनसार स्वभाव के थे और सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे।

रविवार की शाम जो खुशी और जश्न से भरी होनी थी, वह पल भर में मातम में बदल गई। पहाड़ की खतरनाक सड़कों पर एक बार फिर लापरवाही या तकनीकी कारणों ने दो जिंदगियां छीन लीं, पीछे छोड़ गए आंसू और अनगिनत सवाल।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

वीडियो और देखें
×