पुलिस ने नाइट स्ट्राइक अभियान के तहत देर रात तक की छापेमारी

Published: 27 Apr 2026, 09:10 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

देहरादून। रात को  सड़कों, होटल और पीजी में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस ने एक बार फिर नाइट स्ट्राइक अभियान शुरू किया है। रविवार देर रात तक प्रेम नगर क्षेत्र में पुलिस ने कई होटल, रिसॉर्ट और पीजी में छापेमारी की। जिसमें संदिग्ध लोगों से पूछताछ के साथ ही नियम तोड़ने वालों पर एक्शन लिया गया। साथ ही सड़कों पर खड़े होकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
 दून पुलिस को  प्रेम नगर थाना क्षेत्र में लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थी कि शाम ढलते ही अराजक तत्व इस क्षेत्र में हुड़दंग करते नजर आते हैं और सड़कों पर गाड़ियां और होटल रेस्टोरेंट के अंदर जाम छलकने शुरू होते हैं। जिस पर प्रेम नगर थाना पुलिस ने अभियान चलाते हुए देर रात सड़कों पर घूम रहे लोगों से पूछताछ करने के साथ ही कई रेस्टोरेंट, होटल और पीजी में छापेमारी की. पुलिस ने कार्रवाई प्रेम नगर थाना क्षेत्र के पौंधा और बिधौली क्षेत्र में की है।
पुलिस ने रविवार देर शाम से शुरू किया इस अभियान को देर रात तक चलाया। इस दौरान कई लोग सड़क किनारे सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन करते दिखे। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट में भी कुछ लोग संदिग्ध रूप से दिखाई दिए। जिनकी पुलिस ने मौके पर ही क्लास लगाई। पुलिस द्वारा शुरू किए गए नाइट स्ट्राइक अभियान के तहत पुलिस ने वीकेंड पर कार्रवाई शुरू कर दी है. जिसमें पर्यटक और इस क्षेत्र में पढ़ने वाले छात्रों पर खास तौर पर नजर रखी जा रही है।

वीडियो और देखें
×