ढिकुली के रिसॉर्ट्स पर प्रशासन का 'हंटर': बिना पंजीकरण चल रहे 9 होटलों पर जुर्माना; प्रदूषण और फायर विभाग ने भी थमाया नोटिस

Published: 12 Mar 2026, 05:09 PM   |   Updated: 12 Mar 2026, 05:10 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

रामनगर। विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे रामनगर के ग्रामीण और नगर क्षेत्रों में संचालित हो रहे होटलों और रिसॉर्ट्स की अब खैर नहीं है। नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले संचालकों के खिलाफ प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने ढिकुली क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया।

संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई राजस्व विभाग, पर्यटन विभाग, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अग्निशमन विभाग की इस संयुक्त टीम ने एक-एक कर रिसॉर्ट्स की जांच की। जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए:

  • पर्यटन विभाग: जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि 9 होटल व रिसॉर्ट बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाए गए। इन सभी पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

  • प्रदूषण बोर्ड: मानकों का पालन न करने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 9 इकाइयों को नोटिस जारी किया है।

  • फायर विभाग: अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने पर 6 इकाइयों को नोटिस थमाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

अब रात में भी होगी 'ध्वनि' की जांच रिजॉर्ट्स में होने वाली शोर-शराबे वाली पार्टियों पर भी प्रशासन की पैनी नजर है। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि दिन के समय तो फिलहाल ध्वनि प्रदूषण नियंत्रित मिला है, लेकिन रात के वक्त होने वाले शोर की विशेष जांच कराई जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी इकाई को बख्शा नहीं जाएगा।

इस छापेमारी के बाद से रिसॉर्ट संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में पारदर्शिता लाना और पर्यावरण व सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करना है।

वीडियो और देखें
×