रामनगर में मीट के बढ़े दामों पर बवाल: सभासदों का ईओ घेराव, बासी मीट बेचने के गंभीर आरोप

Published: 28 Feb 2026, 06:08 PM   |   Updated: 01 Mar 2026, 04:20 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

शहर में बड़े मीट की बढ़ती कीमतों और कथित बासी मीट बिक्री के आरोपों को लेकर रामनगर नगर पालिका में विवाद गहरा गया है। नाराज सभासदों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल का घेराव कर ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका का स्लॉटर हाउस बंद होने के बावजूद लॉटरी प्रक्रिया से आवंटित कुछ दुकानों पर बड़े मीट की बिक्री हो रही है। उनका कहना है कि मीट विक्रेता बिना बिल के मीट बेच रहे हैं और उपभोक्ताओं को बासी व अस्वच्छ मीट दिया जा रहा है, जिससे गंभीर बीमारी फैलने का खतरा है।
सभासदों का आरोप है कि जहां से मीट 250 रुपये प्रति किलो के आसपास आ रहा है, वहीं मोहल्ला खताड़ी क्षेत्र के दुकानदार इसे 360 रुपये प्रति किलो तक बेच रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जब तक स्लॉटर हाउस पुनः चालू नहीं होता, तब तक इन मीट दुकानों को बंद कराया जाए।
मामले में ईओ आलोक उनियाल ने कहा कि बासी और अस्वच्छ मीट बिक्री के आरोपों की जांच खाद्य विभाग से कराई जाएगी और नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सभासद शमीम अहमद, तनुज दुर्गापाल, नदीम अंसारी, करीमुद्दीन, मोहम्मद अजमल, सलमान सलमानी, सचिन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
शहर में खाद्य स्वच्छता और मूल्य नियंत्रण को लेकर उठे इस विवाद ने मीट कारोबार की निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो और देखें
×