होली-रमजान से पहले रामनगर में मिठाई-खोया पर छापा: 4 सैंपल जांच को भेजे, मिलावट पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Published: 28 Feb 2026, 05:52 PM   |   Updated: 01 Mar 2026, 04:15 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

होली और रमजान जैसे बड़े त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने रामनगर में मिठाई और खोया कारोबारियों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर के एक दर्जन से अधिक थोक और फुटकर मिठाई व खोया विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचने, बिना बिल खरीद न करने, स्टॉक का सही विवरण रखने तथा कालातीत (एक्सपायरी) खाद्य सामग्री का भंडारण या विक्रय न करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई और कीट नियंत्रण (दवा छिड़काव) सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर चार विक्रेताओं से खोया के नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी हालत में मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावट या नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त के निर्देश पर जनपद में संयुक्त निरीक्षण टीमें गठित की गई हैं, जो प्रतिदिन कार्रवाई कर रही हैं और इसकी रिपोर्ट नियमित रूप से आयुक्त कार्यालय को भेजी जा रही है।
त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई को उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और मिलावटखोरी पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

वीडियो और देखें
×