Published:
19 Feb 2026, 12:09 PM
|
Updated:
19 Feb 2026, 12:11 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
रामनगर। पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले 'रामनगर समाचार' के संपादक स्व. श्यामलाल के परिवार के लिए शासन ने मदद का हाथ बढ़ाया है। गुरुवार, 19 फरवरी 2026 को उत्तराखंड पत्रकार कल्याण कोष (कारपस फंड) के माध्यम से उनके परिजनों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।
जिला सूचना कार्यालय नैनीताल की लेखाकार सुश्री मीनाक्षी भट्ट ने स्व. श्यामलाल के निवास पहुंचकर उनके दोनों पुत्रों, हर्षित कुमार और प्रिंस कुमार को सहायता राशि के चेक सौंपे। शासन की ओर से प्रत्येक पुत्र को 2.50 लाख (कुल 5 लाख रुपये) के दो बैंक ड्राफ्ट दिए गए। यह सहायता राशि पत्रकार कल्याण कोष के तहत उन पत्रकारों के परिवारों को दी जाती है जो असमय काल का ग्रास बन जाते हैं।
इस राहत कार्य में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे-आई) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नगर अध्यक्ष डॉ. ज़फर सैफ़ी ने इस त्वरित सहायता के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सूचना विभाग के शीर्ष अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि "स्व. श्यामलाल ने अपना पूरा जीवन पत्रकारिता और जनहित के मुद्दों को समर्पित कर दिया। शासन की यह पहल उनके परिवार के लिए भविष्य में मददगार साबित होगी।"
सहायता राशि जारी करने की प्रक्रिया में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, अतिरिक्त जिला सूचनाधिकारी अहमद नदीम, एमसी जोशी, पवन नेगी, आन सिंह मटियाली, दीपक कार्की और भुवन के विशेष सहयोग के लिए पत्रकार बिरादरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
