Published:
02 Apr 2026, 04:09 PM
|
Updated:
02 Apr 2026, 04:10 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
रामनगर में पुष्कर सिंह धामी के आगमन के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमित लोहनी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता लखनपुर चुंगी पर एकत्र हुए और मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और सरकारी तंत्र में कथित भ्रष्टाचार को लेकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। सुमित लोहनी ने कहा कि प्रदेश का युवा सड़कों पर है और सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक जनता को न्याय नहीं मिलेगा, विरोध जारी रहेगा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने शांति भंग की आशंका के चलते सुमित लोहनी सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान “इंकलाब जिंदाबाद” और “युवा विरोधी मुख्यमंत्री वापस जाओ” जैसे नारे गूंजते रहे। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में सचिन कुमार आर्य, विकाश कुमार, सलमान सलमानी, दीपक रावत, नितिन शाह, पंकज कुमार, चेतन पंत और विजय बिष्ट सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
