रामनगर का मुख्य चौराहा लखनपुर उस समय नारों और आक्रोश से गूंज उठा, जब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। मामला भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ द्वारा प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौटियाल के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट का बताया जा रहा है।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने विधायक और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमित लोहनी ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता और अधिकारियों की सुरक्षा करना होता है, लेकिन सत्ता के नशे में कुछ लोग अपनी मर्यादा भूल रहे हैं।
उन्होंने कहा, “शिक्षा जगत के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल शर्मनाक है, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे का अपमान है।”
युवा कांग्रेस ने विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई। साथ ही प्रदेश सरकार से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सरकारी अधिकारी बिना किसी राजनीतिक दबाव और भय के अपना कार्य कर सकें।
सुमित लोहनी ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकरण में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा, “शिक्षा जगत का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र में कानून से ऊपर कोई नहीं है।”
प्रदर्शन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष अमित कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष मालधन नितिन शाह, सभासद सचिन कुमार, सभासद सोनू करीम, केवल सिंह, विकास कुमार आर्य, प्रमोद कुमार, हरदीप सिंह, सोनू तिवारी और दीपक रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रामनगर में हुए इस प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रदेश सरकार और संबंधित पक्ष इस विवाद पर क्या कदम उठाते हैं।
