Published:
14 Oct 2026, 01:41 PM
Category:
राज्य
|
By: Rishikesh Darpan
देहरादून। आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को अपने कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई को 'लोकतंत्र पर दमनकारी कार्रवाई' करार दिया है। पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को छह नंबर पुलिया स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया गया था। AAP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही थी, जिस पर उसने चुनाव आयोग के 'गैर-निष्पक्ष' होने का आरोप लगाया है।
AAP प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसौदिया ने इस घटना को 'उत्तराखंड में लोकतंत्र के लिए काला दिन' बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को जिस तरह से घसीट कर हिरासत में लिया गया, वह सरकार की हताशा और डर को दर्शाता है। सिसौदिया ने जोर देकर कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग का कार्यालय जनता का है, किसी राजनीतिक दल का नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चुनाव आयोग ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में और भी तीव्र हो जाएगा।
महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री, जिन्हें हिरासत में लिया गया था, ने कहा कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने आए थे, लेकिन उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने दोहराया कि ज्ञानेश कुमार के रहते निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं हैं और AAP का एक-एक कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा।
