रुद्रपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय को भावभीनी श्रद्धांजलि, ‘एकात्म मानववाद’ जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

Published: 11 Feb 2026, 10:32 AM   |   Updated: 11 Feb 2026, 10:36 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

भारतीय राजनीति के पुरोधा और ‘एकात्म मानववाद’ के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय, ऊधमसिंह नगर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

अंत्योदय के संकल्प को दोहराया

मुख्य वक्ता एवं लोकतंत्र सेनानी कस्तूरी लाल तागरा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ जैसा महान दर्शन दिया, जो व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास की बात करता है।
उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम छोर पर खड़ा व्यक्ति मुख्यधारा से नहीं जुड़ता, तब तक राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे उनके विचारों को केवल नारों तक सीमित न रखें, बल्कि जीवन में उतारें।

आज भी प्रासंगिक है पंडित जी का दर्शन

सामाजिक कार्यकर्ता पवन अग्रवाल ने कहा कि पंडित जी का दर्शन आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था। उनके सिद्धांत समाज के प्रत्येक वर्ग के समग्र उत्थान के लिए मार्गदर्शक हैं।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि पंडित जी ने राजनीति को सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया। उनका जीवन त्याग, तपस्या और सादगी का प्रतीक था। अंत्योदय की भावना उनके दूरदर्शी चिंतन का परिणाम है, जिसे आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पंडित दीनदयाल जी का जीवन दर्शन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। एकात्म मानववाद केवल राजनीतिक विचारधारा नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के उत्थान का मार्ग है। उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, अमित नारंग, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा धीरेन्द्र मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक राजेश तिवारी, पूर्व मेयर रामपाल, प्रमोद मित्तल, अक्षय अरोरा, मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, डीएन यादव सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों की मशाल को जन-जन तक पहुंचाने और उनके सपनों के भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

वीडियो और देखें
×