हनी ट्रैप का खौफनाक जाल: युवक को बंधक बनाकर बनाया अश्लील वीडियो, 8 लाख की फिरौती मांगी

Published: 13 Mar 2026, 06:35 AM   |   Updated: 13 Mar 2026, 06:42 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक को प्रेम जाल में फंसाकर बंधक बनाया गया, उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और फिर आठ लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

पीड़ित मनोज कुमार, निवासी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, रामपुर (उत्तर प्रदेश), ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अक्टूबर 2025 में उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात मिस कॉल आई। जब उन्होंने वापस कॉल किया तो एक लड़की ने फोन उठाकर अपना नाम नेहा बताया।

इसके बाद लगातार कॉल, वीडियो कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। लड़की ने दोस्ती का प्रस्ताव दिया और कुछ समय बाद मनोज को काशीपुर बुलाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने आने से मना कर दिया।

बाद में युवती ने उन्हें रुद्रपुर आने के लिए राजी कर लिया और कहा कि उस दिन घर पर कोई नहीं है, इसलिए वे आराम से आ सकते हैं।

ऐसे रचा गया पूरा जाल

19 नवंबर को जब मनोज रुद्रपुर पहुंचे तो दक्ष चौराहे पर उन्हें पिंकी और जोहरा (जो खुद को नेहा बता रही थी) नाम की दो युवतियां मिलीं। उन्होंने किसी रेस्टोरेंट में बैठने के बजाय मोमो लेकर घर चलने का प्रस्ताव दिया।

घर पहुंचने के बाद नीचे का कमरा खाली था। कुछ देर बाद जब मनोज वॉशरूम गए, तो दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया

इसी दौरान दीपक कश्यप और उसके साथी कमरे में घुस आए और मनोज के हाथ-पैर बांधकर उन्हें बंधक बना लिया

बनाया आपत्तिजनक वीडियो

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसकी पैंट उतारकर आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया और थाने में वायरल करने की धमकी देकर QR कोड के जरिए 8 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

जब मनोज ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उनकी पिटाई की और पर्स से 14,500 रुपये लूट लिए

दी जान से मारने की धमकी

आरोपियों ने जाते समय धमकी दी कि अगर उन्होंने किसी को इस घटना के बारे में बताया या पुलिस में शिकायत की तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद गहरे सदमे में होने के कारण मनोज ने कुछ समय बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने महिलाओं समेत पूरे गिरोह के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही पकड़कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो और देखें
×