रुद्रपुर में “ऑपरेशन प्रहार” का बड़ा खुलासा: स्पा सेंटरों में देह व्यापार, 10 गिरफ्तार, 19 युवतियां रेस्क्यू

Published: 07 Apr 2026, 06:52 AM   |   Updated: 07 Apr 2026, 06:53 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

रुद्रपुर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। रविवार देर रात ट्रांजिट कैंप, पंतनगर और रुद्रपुर कोतवाली पुलिस के साथ एएचटीयू की संयुक्त टीम ने शहर के सात से अधिक स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 19 युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दो स्पा संचालकों समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से तीन अभी फरार हैं।

काशीपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे स्थित व्हाइट लोटस यूनिसेक्स स्पा में पुलिस टीम ने छापा मारकर एक युवक और युवती को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। तलाशी के दौरान नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ। मौके से गौरव साहू को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि स्पा का संचालन राजू सिंह के नाम पर किया जा रहा था, जबकि मैनेजर मोहम्मद शकील ग्राहकों की व्यवस्था करता था। यहां से चार महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि शकील फरार है।

वहीं भूरारानी रोड स्थित पिंक डायमंड स्पा सेंटर में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक और युवती को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। यहां से नकदी, आपत्तिजनक सामान और मोबाइल फोन बरामद किए गए। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और पांच महिलाओं को रेस्क्यू किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि स्पा सेंटर का संचालन गुरमीत सिंह उर्फ गोपी करता था, जो बाहरी राज्यों से युवतियों को लाकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त करता था। फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में गौरव साहू, सूरज राठौर, अरशद, रोहित छाबड़ा, सानू, आदिल, ओमप्रकाश, आसीम, नासिर और मोहित शामिल हैं, जबकि अमित कुमार, गुरमीत उर्फ गोपी और मोहम्मद शकील फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वीडियो और देखें
×