रुद्रपुर में “ऑपरेशन प्रहार” की बड़ी कार्रवाई: स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार

Published: 07 Apr 2026, 05:53 AM   |   Updated: 07 Apr 2026, 05:55 AM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर, पंतनगर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्रों में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय थानों की टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 19 महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में भेजा गया।

पुलिस को लंबे समय से मिल रही गोपनीय सूचनाओं और स्थानीय शिकायतों के आधार पर संदिग्ध स्पा सेंटरों को चिन्हित किया गया था। छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर अनैतिक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। मौके से संचालकों और ग्राहकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पंतनगर स्थित मेट्रोपोलिस मॉल के स्पा सेंटरों में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में भी सख्त धाराओं में केस दर्ज हुआ है। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में अनियमितताओं के चलते चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं का मेडिकल परीक्षण, काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, साथ ही स्पा सेंटरों के लाइसेंस और वैधता की जांच भी लगातार की जा रही है।

वीडियो और देखें
×