Published:
08 Mar 2026, 01:06 PM
|
Updated:
08 Mar 2026, 01:08 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
हल्द्वानी: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह की पूर्व संध्या पर नगर निगम हल्द्वानी का सभागार 'नारी शक्ति' के गौरव और 'मानवता की सेवा' के संकल्पों से सराबोर नजर आया। अनमोल संकल्प सिद्धि फाउंडेशन की ओर से आयोजित भव्य “संकल्प सिद्धि सम्मान समारोह” में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में मील का पत्थर साबित हो रही महिलाओं और देहदान-नेत्रदान का संकल्प लेने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रिम्पी बिष्ट और नेहा बिष्ट ने कुशलतापूर्वक किया। समारोह के आकर्षण का केंद्र रही एक लघु नाटिका, जिसने नारी सम्मान और समाज में उनके संघर्ष व भूमिका को जीवंत कर दिया। नाटिका के प्रभावी मंचन ने वहां मौजूद दर्शकों की आंखों को नम कर दिया और समाज को सोचने पर मजबूर किया।
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए संस्था ने गीता बिष्ट, कमला नेगी, बचुली देवी, रिंकू नैनवाल, वंदना शर्मा, एकता बिष्ट, रश्मि लमगड़िया, मुक्ता जैन, रेखा पांडे, मोहिनी रावत, जानकी थापा और बेबी मेहर कौर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
संस्था की उपाध्यक्ष अरुणा टंडन ने देहदान और नेत्रदान की महत्ता पर जोर देते हुए इसे 'महादान' बताया। वहीं, संस्थाध्यक्ष सुचित्रा जायसवाल ने फाउंडेशन के सेवा कार्यों का ब्यौरा देते हुए कहा:
"हमारी संस्था पिछले कई वर्षों से देहदान, नेत्रदान, रक्तदान और निर्धन कन्याओं के विवाह जैसे कार्यों में जुटी है। भविष्य में भी हम समाज के वंचित वर्ग और महिला उत्थान के लिए समर्पित रहेंगे।"
बीना जोशी, डॉ. माधवानंद जोशी, देवेंद्र सिंह नयाल, उदिता नयाल, नीरू धवन, रीना सिंघाल, माया लटवाल समेत दर्जनों लोगों को देहदान व नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा और रेनू अधिकारी ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति वहां की महिलाओं के सम्मान से आंकी जाती है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी और भाजपा नगर अध्यक्ष मधुकर श्रोत्रिय ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना की।
उपस्थिति: इस अवसर पर डॉ. नितिन मेहरोत्रा, नागेश दुबे, सतेंद्र सिंह सम्मी, सुमन पाठक, सुनीता जोशी, रेनू कांडपाल, मिथुन जायसवाल और मनोज जौहरी सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और संस्था के सदस्य मौजूद रहे।
