Published:
07 May 2026, 10:44 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का दौर शुरू होने के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 8 मई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम केंद्र ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने 8 मई तक उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके बावजूद चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। श्रद्धालु पूरी तैयारी और जरूरी सावधानियों के साथ यात्रा पर निकल रहे हैं।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद ऋषिकेश स्थित यात्रा रजिस्ट्रेशन कार्यालय में तीर्थ यात्रियों को हेल्थ एडवाइजरी दी जा रही है। इसमें यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले जरूरी सावधानियों, स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और इमरजेंसी सेवाओं से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।
सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं को लेकर भी श्रद्धालुओं में संतोष और उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्री सभी जरूरी जानकारी लेने के बाद चारों धाम के दर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे उच्च हिमालयी जनपदों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। चारधाम यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि केदारनाथ और बदरीनाथ की ऊंची चोटियों पर हिमपात जारी रहने से पैदल मार्गों पर फिसलन और ठंड बढ़ गई है। मैदानी जिलों जैसे हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है, जिससे उमस से राहत मिलेगी। हालांकि, विभाग का यह भी कहना है कि 10 मई के बाद से राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे धीरे-धीरे गर्मी का अहसास फिर से बढ़ने लगेगा।
