Published:
02 Dec 2025, 08:39 AM
Category:
उत्तर प्रदेश
|
By: Admin
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रोड रेज की एक सनसनीखेज घटना में सेना के एक जवान की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार यूपी पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर और उसके दोस्तों ने जवान की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस खबर के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
यह घटना करछना थाना क्षेत्र की है, जहाँ 30 वर्षीय सेना के जवान विवेक कुमार सिंह पर शनिवार देर रात सब-इंस्पेक्टर राजकमल पांडेय और उसके साथियों ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल विवेक को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर मिलिट्री हॉस्पिटल लखनऊ ले जाया गया, जहाँ सोमवार को उनका निधन हो गया।
विवेक कुमार सिंह अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे। शादी के बाद वह अपने साथी सैनिक विनय जैन को कोहड़ार घाट छोड़ने जा रहे थे। रात करीब 2 बजे पीछे से आ रही एक सफेद स्कॉर्पियो को पास न देने को लेकर विवाद शुरू हुआ। स्कॉर्पियो में सब-इंस्पेक्टर राजकमल पांडेय और उसके दोस्त सवार थे।
डीसीपी यमुनानगर जोन विवेक चंद्र यादव के अनुसार, मामूली विवाद ने जल्द ही खतरनाक रूप ले लिया और आरोपितों ने विवेक पर हमला कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल विवेक को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में गंभीर अवस्था में लखनऊ के मिलिट्री हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में गुस्सा फैल गया।
जवान के पिता उमाकांत सिंह की तहरीर पर करछना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पाँच आरोपियों को नामजद किया है—
सब-इंस्पेक्टर राजकमल पांडेय (तैनाती—मिर्जापुर)
दिनेश कुमार यादव (वकील और वाहन स्वामी)
राजीव ठाकुर (सेना में जवान)
भाई लाल यादव
राजू अग्रहरि
डीसीपी के अनुसार, सभी नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
