जिम में एक्सरसाइज करने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से एसओजी जवान की मौत

Published: 20 Jun 2026, 09:18 AM
Category: अपराध   |   By: Admin

चंपावत। जिले के एसओजी के जवान की जिम में एक्सरसाइज करने के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक जवान बनबसा का ही निवासी था, बनबसा स्थित एक जिम में वो बीते सायं व्यायाम कर रहा था। इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई, जवान को तत्काल खटीमा निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जवान की मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है।
  प्राप्त जानकारी के अनुसार एसओजी जवान गिरीश भट्ट (उम्र 38 बर्ष) पुत्र स्वर्गीय जयदेव भट्ट निवासी भजनपुर बनबसा एक जिम में व्यायाम कर रहे थे। व्यायाम करते हुए अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जवान की तबीयत बिगड़ने पर लोगों के द्वारा उसको खटीमा प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गिरीश भट्ट को मृत घोषित कर दिया।
 गिरीश भट्ट की मृत्यु की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। गिरीश भट्ट की पत्नी गृहणी है और उनके दो बेटे है। गिरीश मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के रहने वाले हैं। जवान के मौत की खबर के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है। मृतक जवान गिरीश एसओजी चंपावत के तेज तर्रार जवानों में एक थे, पुलिस के महत्वपूर्ण अभियानों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी। फिलहाल मृतक जवान का बनबसा के शारदा घाट शमशान में नम आंखों से अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
 पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव,पुलिस अधिकारियों जवानों,व्यापार मंडल बनबसा समेत विभिन्न सामाजिक राजनीतिक संगठनों ने एसओजी जवान की आकस्मिक मौत पर शोक व्यक्त कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

वीडियो और देखें
×