Published:
16 Dec 2025, 11:55 AM
|
Updated:
16 Dec 2025, 11:54 AM
Category:
राज्य
|
By: Admin
हल्द्वानी। शहर में बिजली चोरी और अत्यधिक लाइन लॉस को लेकर प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। आज़ाद नगर विद्युत फीडर में 87 प्रतिशत और गांधी नगर फीडर में 70 प्रतिशत लाइन लॉस सामने आने पर आयुक्त कुमाऊँ एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग को तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंगलवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने विद्युत विभाग और विजिलेंस टीमों को नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में वर्षों से एक ही लाइनमैन तैनात हैं, उन्हें तुरंत अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए और अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित लाइनमैनों की जवाबदेही भी तय की जाए।
आयुक्त ने मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि अधिक लाइन लॉस वाले इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएं, ताकि बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
बैठक में मुख्य अभियंता आर.सी. गुंज्याल ने बताया कि हल्द्वानी क्षेत्र में आज़ाद नगर और गांधी नगर फीडर में लाइन लॉस की स्थिति अत्यंत गंभीर है। इस पर आयुक्त ने तत्काल ठोस कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन हर स्तर पर विभाग को सहयोग देगा, लेकिन परिणाम स्पष्ट रूप से दिखने चाहिए। बैठक में विद्युत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
