टिहरी लेक महोत्सव में दिखेगा रोमांच और संस्कृति का संगम, मास्टर शेफ से लेकर राफ्टिंग-काइट शो तक होंगे आकर्षण

Published: 10 Feb 2026, 12:19 PM   |   Updated: 10 Feb 2026, 12:20 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

टिहरी गढ़वाल:
आगामी टिहरी लेक महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने जनपद क्षेत्रांतर्गत कोटि कॉलोनी में स्थलीय निरीक्षण किया और महोत्सव की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।

जिलाधिकारी ने कोटि कॉलोनी स्थित भूखंडों के इष्टतम उपयोग को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद ली रॉय होटल, कोटि कॉलोनी में आयोजित बैठक में महोत्सव की रूपरेखा और कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में नगर पालिका टिहरी के अध्यक्ष मोहन रावत ने नई टिहरी में सजावट एवं फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन की जानकारी दी। वहीं नगर पालिका मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने काइट शो के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देने की बात कही।

महोत्सव में होंगे ये खास आयोजन

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि टिहरी लेक महोत्सव के तहत कई रोचक और प्रतियोगितात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें—

  • मास्टर शेफ टिहरी

  • फोटोग्राफी प्रतियोगिता

  • रैप और पेंटिंग प्रतियोगिता

  • पहाड़ी परिधान पर फैशन शो (मिस्टर एंड मिस टिहरी)

  • राफ्टिंग और काइट शो

इसके अलावा ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग, वाटर स्पोर्ट्स, माउंटेन बाइकिंग और फूड फेस्टिवल भी महोत्सव का हिस्सा होंगे। प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹1 लाख, ₹50 हजार और ₹25 हजार की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

Save गंगा थीम पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

महोत्सव के दौरान “Save गंगा” थीम पर आधारित कार्यक्रमों के साथ-साथ पुरानी टिहरी एवं अन्य विषयों पर सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

ये रहे मौजूद

बैठक में घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, बीजेपी जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका टिहरी अध्यक्ष मोहन रावत, नगर पालिका चंबा अध्यक्ष शोभनी धनोला, नगर पालिका मुनि की रेती अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, नगर पंचायत घनसाली अध्यक्ष आनंद बिष्ट, बोट यूनियन अध्यक्ष कुलदीप पंवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

वीडियो और देखें
×