Published:
17 Dec 2025, 06:43 AM
|
Updated:
17 Dec 2025, 06:43 AM
Category:
खेल
|
By: Admin
नैनीताल। उत्तराखण्ड सूचना कर्मचारी संघ (मुख्यालय), देहरादून द्वारा आयोजित प्रथम इंडोर खेल प्रतियोगिता–2025 के विजयी प्रतिभागियों को मंगलवार को महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने पुरस्कार एवं मेडल प्रदान किए।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग और खेल को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम से मानसिक तनाव कम होता है और शारीरिक व मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है। खेल अनुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करते हैं। उन्होंने सूचना कर्मचारी संघ की इस पहल की सराहना करते हुए विभागीय परिसर में बैडमिंटन कोर्ट निर्माण हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में टीम भावना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव एवं रवि बिजारनिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संघ के महामंत्री अंकित चौहान ने स्वागत भाषण दिया, जबकि अध्यक्ष कैलाश रावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
शतरंज प्रतियोगिता में कैलाश रावत विजेता एवं राजेन्द्र सिंह कलूड़ा उपविजेता रहे।
महिला वर्ग कैरम सिंगल्स में आरती बिष्ट विजेता तथा विदिशा नेगी उपविजेता रहीं।
पुरुष वर्ग कैरम सिंगल्स में अतुल डिमरी विजेता एवं गजेन्द्र सिंह उपविजेता रहे।
कैरम डबल्स प्रतियोगिता में अतुल डिमरी एवं गजेन्द्र सिंह विजेता तथा चेतन कुमार पाण्डेय एवं राम सिंह परजोली उपविजेता रहे।
उल्लेखनीय है कि यह इंडोर खेल प्रतियोगिता 12 एवं 14 दिसंबर 2025 को सूचना भवन सभागार में आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में संघ के समस्त पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
