पौड़ी में खेल महोत्सव की धूम, सांसद ने किया भव्य उद्घाटन

Published: 15 Dec 2025, 06:30 AM   |   Updated: 15 Dec 2025, 06:29 AM
Category: खेल   |   By: Admin

पौड़ी में खेल क्रांति का आगाज़, सांसद खेल महोत्सव से संवरेंगे भविष्य के चैंपियन

हाई एल्टीट्यूड में हाई परफॉर्मेंस का विजन, पौड़ी बनेगा खेल प्रतिभाओं का हब

पौड़ी। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मामलों के केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पौड़ी जनपद के कंडोलिया मैदान में सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने का संदेश दिया और खेलों को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बताया।

केंद्रीय मंत्री ने पौड़ी को हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। केंद्रीय मंत्री के आगमन पर स्थानीय परंपरा के अनुरूप सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं द्वारा मांगलिक गीतों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद डॉ. मांडविया ने दीप प्रज्ज्वलन कर सांसद खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही,सांसद खेल महोत्सव की टी-शर्ट और ट्रैकसूट का भी विमोचन किया गया।

केंद्रीय मंत्री का संदेश और विजन

कंडोलिया मैदान में उपस्थित खिलाड़ियों एवं जनता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी मंच प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसार देश में खेल संस्कृति को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सांसद युवा महोत्सव से निकलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। डॉ. मांडविया ने कहा, “खेल के मैदान में केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि पूरा देश जीतता है।”

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि देशभर में खेल सुविधा अंतर का विश्लेषण चल रहा है, और पौड़ी जनपद को इसमें विशेष रूप से शामिल किया गया है। सांसद गढ़वाल द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि हाई एल्टीट्यूड के भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने जोशीमठ में 8 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक निर्माण कार्य की जानकारी भी दी।

सांसद और स्थानीय नेताओं का समर्थन

सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव पौड़ी के लिए गौरव का विषय है और यह प्रधानमंत्री के विजन को साकार करता है। उन्होंने बताया कि भारत को कॉमनवेल्थ खेलों के आयोजन का अवसर मिला है और ओलंपिक के लिए भी बोली लगाई गई है।

सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर देता है। इस मंच से निकली प्रतिभाएं भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी।

खेलों का उत्साहवर्धन और प्रतियोगिताएँ

केंद्रीय मंत्री, सांसद गढ़वाल और सांसद हरिद्वार ने इंडोर स्टेडियम कंडोलिया में आयोजित पिट्ठू खेल प्रतियोगिता, बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर सभी नेताओं ने स्वयं खेल खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही रांसी स्टेडियम में स्थापित खेल महोत्सव सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर कार्यक्रम की यादगार तस्वीरें बनाई।

कार्यक्रम में विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र अण्थवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, खेल सचिव अमित सिन्हा, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, राज गौरव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

वीडियो और देखें
×