Published:
26 Aug 2025, 02:37 PM
Category:
राष्ट्रीय
|
By: Admin
रुद्रपुर। शहर की टीवीएस कॉलोनी को उजाड़ने की आशंका से रहवासियों में हड़कंप मचा दिया है। मंगलवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में दर्जनों नागरिक विकास भवन पहुंचे और जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां हरीशचंद्र खंडूरी तथा तराई विकास संघ के सचिव नवल शर्मा का घेराव कर आक्रोश व्यक्त किया।
पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि टीवीएस कॉलोनी में पिछले 55 वर्षों से स्थायी रूप से रह रहे नागरिकों को हटाने की प्रक्रिया न केवल अमानवीय है, बल्कि घोर अन्याय भी है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि ऐसे वृद्ध और निम्न आयवर्ग के परिवारों को वैकल्पिक स्थान पर पुनर्वासित किया जाए और कॉलोनी की शेष भूमि का योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए।
ठुकराल ने कहा कि बैंक और अन्य संस्थानों की आड़ में रहवासियों को नोटिस देना सरासर गलत है। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि टीवीएस की अनुपयोगी भूमि का निरीक्षण कर अराजक कब्जों को हटाया जाए और शेष भूमि का बेहतर उपयोग किया जाए। पूर्व विधायक ने अधिकारियों से इस विषय पर शीघ्र समाधान निकालने की मांग की, ताकि वर्षों से बसे परिवारों को बेघर होने से रोका जा सके। इस दौरान प्रभुदयाल, सूरज, सुदामा, रज्जू प्रसाद, चंद्रभान, देचन्द, जनदिन, दुर्गा देवी, उज्जावती, पानादेवी, ललिता, सीमा, भगवती विष्ट, झन्ना, शिवकुमार सहित दर्जनों नागरिक उपस्थित रहे।
