दून में मूसलाधार बारिश से मौसम हुआ सुहावना

Published: 29 Jun 2026, 09:59 AM
Category: राज्य   |   By: Admin

देहरादून। सोमवार सुबह से ही राजधानी देहरादून में हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसके कुछ समय बाद तेज बारिश भी हुई। हालांकि तेज बारिश का यह दौर ज्यादा देर तक नहीं चला, लेकिन इससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी बनी रह सकती है। इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उधर मैदानी जिलों उधम सिंह नगर और हरिद्वार में भी मौसम बदलने के संकेत मिले है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भी हल्की बारिश, गरज-चमक और झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं और इन्हीं गतिविधियों के कारण कई हिस्सों में बारिश हो रही है। माना जा रहा है कि इस सप्ताह उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की औपचारिक दस्तक भी हो सकती है। यदि मौसम की यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है।
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर मैदानी जिलों में देखने को मिलेगा, जहां पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ था. फिलहाल प्रदेशभर में लोगों ने बदले मौसम का स्वागत किया है।

वीडियो और देखें
×