Published:
06 Jul 2026, 09:14 AM
Category:
राज्य
|
By: Admin
चमोली। बद्रीनाथ में गर्भगृह में स्पाई कैमरे से वीडियो बनाने व धाम की मर्यादा और गोपनीयता भंग करने पर पुलिस ने एक यात्री को पकड़ा है। यात्री चश्मे से बद्रीनाथ धाम के गर्भ गृह की फोटो, वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था। पुलिस ने चश्मे पर लगा स्पाई कैमरा बरामद किया है।
बदरीनाथ धाम की सुरक्षा, गोपनीयता एवं धार्मिक मर्यादाओं को बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में एक व्यक्ति को मंदिर के गर्भगृह में अवैध रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए पकड़ा गया।
जांच के दौरान उक्त व्यक्ति की पहचान जयप्रकाश पांडे निवासी नोहर रोड, मुंबई के रूप में हुई। वह मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे के माध्यम से अवैध रूप से वीडियो एवं फोटो रिकॉर्डिंग कर रहा था, जो मंदिर की निर्धारित व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई अमल में लाई गई। साथ ही, मंदिर की गोपनीयता, सुरक्षा एवं धार्मिक मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए उसके पास से बरामद सभी अवैध वीडियो एवं फोटो को तत्काल प्रभाव से डिलीट करवाया गया।
