लालकुआं में दर्दनाक हादसा: सेना भर्ती की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, मौके पर ही मौत

Published: 11 Dec 2025, 08:38 AM   |   Updated: 11 Dec 2025, 08:38 AM
Category: राज्य   |   By: Admin

नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे बिंदुखत्ता निवासी 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सुभाष नगर स्थित पुराने पुलिस चेकपोस्ट के पास रनिंग प्रैक्टिस के लिए साइकिल से जा रहे छात्र को पीछे से आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार सुभाष नगर, बिंदुखत्ता निवासी वंश शर्मा बुधवार शाम करीब 4:30 बजे साइकिल से लालकुआं डॉर्बी फील्ड में दौड़ लगाने जा रहा था। जैसे ही वह पुराने पुलिस चेकपोस्ट के पास पहुंचा, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवक को गंभीर अवस्था में सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वंश शर्मा बीए प्रथम वर्ष का छात्र था और हल्दूचौड़ स्थित लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। परिवार के अनुसार वह भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रहा था और प्रतिदिन दौड़ लगाने के लिए लालकुआं आता था। वंश के रिश्ते के दादा एवं लालकुआं के वरिष्ठ ट्रांसपोर्टर प्रेम शंकर शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वंश के पिता राकेश शर्मा, जो गुजरात में नौकरी करते हैं, बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए।

अचानक हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन और चालक की पहचान जल्द की जाएगी।

वीडियो और देखें
×