Published:
01 Jul 2026, 08:36 AM
Category:
राज्य
|
By: Admin
देहरादून। देर रात कालसी तहसील के ग्राम पंचायत भंजरा के मसोटी खेडा में हुए भीषण अग्निकांड में दो मंजिला आवासीय भवन जलकर राख हो गया। इस हादसे में घर के अंदर बंधे कई मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, भोपालू पुत्र काडिया का मसोटी खेडा में दो मंजिला आवासीय भवन (छानी) स्थित है। दिनचर्या के अनुसार भोपालू पशुओं को चारा-पानी देने के बाद अपने गांव पजोटा लौट गए थे। देर रात अचानक भवन में आग लग गई। आग की लपटें देख आसपास के ग्रामीणों ने शोर मचाया और मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलते ही भोपालू भी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने और मवेशियों को निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि केवल दो बैल और दो बकरियों को ही सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। इस अग्निकांड में 8 बकरियां, एक भैंस, दो गाय और एक बछड़ा आग की चपेट में आने से जिंदा जल गए।
भवन के भीतर रखा घरेलू सामान और पशुओं के लिए संचित चारा भी जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित पशुपालक किसान भोपालू को गहरा सदमा लगा है, क्योंकि उसकी आजीविका का मुख्य आधार यही पशु थे। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा राणा ने क्षेत्रीय पटवारी को अवगत कराया। पूर्व बीडीसी सदस्य व युवा भाजपा नेता कांति राणा ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार पूरी तरह टूट चुका है।
उन्होंने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चैहान को घटना की जानकारी दी और एसडीएम कालसी से फोन पर वार्ता कर पीड़ित परिवार को तत्काल उचित सरकारी राहत राशि उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है। इस घटना की सूचना जिलाधिकारी को भी दी गई है। तहसीलदार कालसी सुशीला कोठियाल ने बताया कि संबंधित क्षेत्र पटवारी को तत्काल प्रभाव से घटनास्थल का मौका मुआयना करने के निर्देश दिए गए है।जल्द ही तहसील प्रशासन को विस्तृत रिपोर्ट सौप दी जाएगी।
