Published:
15 Mar 2026, 04:25 PM
|
Updated:
15 Mar 2026, 04:26 PM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
Uttar Pradesh पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा 2026 के हिंदी प्रश्नपत्र में एक शब्द के उपयोग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। परीक्षा के एक प्रश्न में ‘अवसर के अनुसार बदल जाने वाला’ (अवसरवादी) के लिए एक शब्द पूछे जाने पर विकल्पों में ‘पंडित’ शब्द शामिल किया गया था, जिस पर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई है।
इस मामले को लेकर ब्राह्मण और सवर्ण समाज से जुड़े संगठनों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। सवर्ण शक्ति संगठन उत्तराखंड ने भी इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इसकी निंदा की है।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि ‘पंडित’ शब्द का इस प्रकार प्रयोग करना ब्राह्मण समाज का अपमान है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने मांग की है कि प्रश्नपत्र तैयार करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
संगठन ने यह भी कहा कि सरकार और संबंधित विभाग इस मामले में जल्द से जल्द स्पष्टीकरण दें और उचित कार्रवाई करें। उनका कहना है कि यदि इस मुद्दे पर तत्काल कदम नहीं उठाए गए तो सवर्ण समाज और विभिन्न संगठनों द्वारा धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।
संगठन के अनुसार समाज के किसी भी वर्ग या परंपरा से जुड़े शब्दों का प्रयोग इस प्रकार करना उचित नहीं है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए प्रश्नपत्रों की समीक्षा की व्यवस्था और अधिक सख्त की जानी चाहिए।
