Published:
19 Mar 2026, 06:27 AM
|
Updated:
19 Mar 2026, 06:28 AM
Category:
उत्तराखंड
|
By: Admin
उत्तराखंड में व्यावसायिक रसोई गैस के वितरण को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। नई मानक संचालन प्रक्रिया लागू होने के बाद अब पूरे राज्य में गैस सिलेंडरों का जनपदवार आवंटन शुरू हो गया है।
इस नई व्यवस्था के तहत अब तेल कंपनियां शासन के निर्देशों के अनुसार गैस एजेंसियों को सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं।
इस प्रणाली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि अब प्रत्येक गैस एजेंसी को उसके पास उपलब्ध व्यावसायिक गैस कनेक्शनों की संख्या के आधार पर सिलेंडर दिए जाएंगे। इससे मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनेगा और गैस की कमी या देरी जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
राज्य में वर्तमान में लगभग 63,054 व्यावसायिक गैस कनेक्शन हैं, जिनकी आपूर्ति 311 गैस एजेंसियों के माध्यम से की जा रही है। नई व्यवस्था से होटल, भोजनालय, होमस्टे, अस्पताल और औषधि निर्माण इकाइयों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
अपर आयुक्त खाद्य पीएस पांगती ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल ही में व्यावसायिक गैस वितरण के लिए नई प्रक्रिया जारी की गई है, जिसके तहत अब आवश्यकतानुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब तक 19 किलोग्राम के 794 सिलेंडर और 47.5 किलोग्राम के 85 बड़े व्यावसायिक सिलेंडर जनपदवार एजेंसियों को भेजे जा चुके हैं। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने और उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
