उत्तराखंड में विकास की रफ़्तार: सीएम धामी ने स्वास्थ्य, सड़क और आपदा सुरक्षा के लिए मंजूर किए ₹100 करोड़ से ज्यादा, हरिद्वार में बनेगा पुलिस कमांड सेंटर

Published: 02 Mar 2026, 04:00 PM   |   Updated: 02 Mar 2026, 04:02 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के संतुलित विकास और जनता की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए सोमवार को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दी है। सरकार ने स्वास्थ्य, सड़क, आपदा प्रबंधन और शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं के लिए ₹100 करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है।

कुंभ-2027 के लिए हरिद्वार में तैयारी तेज कुंभ मेला-2027 को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में 'पुलिस कमांड कंट्रोल सेंटर' के निर्माण के लिए ₹50.27 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके अलावा, हर की पैड़ी से ललतारों सेतु तक गलियों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹9 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इन कार्यों में तेजी लाने के लिए निर्माण एजेंसी में भी बदलाव किया गया है।

आपदा सुरक्षा और पुलों की मरम्मत पर जोर मानसून और प्राकृतिक आपदाओं के दृष्टिगत सीएम ने चंपावत, चमोली, उत्तरकाशी और देहरादून जनपदों में बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के लिए करोड़ों की धनराशि जारी की है।

  • चंपावत: हुड्डी नदी से छानीगोठ गांव की सुरक्षा के लिए ₹5.75 करोड़ (प्रथम किश्त ₹2.30 करोड़)।

  • चमोली: गैरसैंण में रामगंगा तट पर बाढ़ सुरक्षा के लिए ₹6.83 करोड़ (प्रथम किश्त ₹2.74 करोड़)।

  • उत्तरकाशी: हर्षिल में भागीरथी के तट पर सुरक्षा कार्यों के लिए ₹10.24 करोड़ (प्रथम किश्त ₹4.10 करोड़)।

  • देहरादून: धर्मपुर में सुसवा नदी पर बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए ₹4.30 करोड़ (प्रथम किश्त ₹1.72 करोड़)। इसके अतिरिक्त, हरिद्वार के खानपुर में आरसीसी सेतु की सुरक्षा के लिए ₹6.67 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

स्वास्थ्य और शिक्षा को भी मजबूती बाजपुर के उपजिला चिकित्सालय में 6 चिकित्साधिकारियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण हेतु ₹4 करोड़ मंजूर किए गए हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। साथ ही, ईमलीखेड़ा में कूड़ा निस्तारण (Legacy Waste) के लिए ₹13.90 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

शहीद को सम्मान सरकार ने पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोबरियासार का नाम अमर शहीद अनुज नेगी के नाम पर रखने का बड़ा निर्णय लिया है, जो युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा।

वीडियो और देखें
×