राज्य के दोनों मंडलों में बनेंगे ओबीसी कल्याण बहुउद्देशीय भवन, मुख्यमंत्री धामी ने दी सैद्धांतिक सहमति

Published: 10 Feb 2026, 12:38 PM   |   Updated: 10 Feb 2026, 12:44 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के दोनों मंडलों में ओबीसी कल्याण बहुउद्देशीय भवन/सामुदायिक भवन के निर्माण को मंजूरी देते हुए अधिकारियों को इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित भवनों में बैंकट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि सामाजिक, शैक्षिक और प्रशासनिक गतिविधियों का सुचारु संचालन किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को भवनों की डीपीआर शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में योजनाओं का होगा व्यापक प्रचार

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति की निगरानी सुनिश्चित की जाए। लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार करने के भी निर्देश दिए गए।

ओबीसी वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ओबीसी वर्ग के उत्थान हेतु शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि इस वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

ये रहे मौजूद

बैठक में उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव श्रीधर बाबू अदांकी, अपर सचिव नवनीत पांडे, अपर सचिव संदीप तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

वीडियो और देखें
×