गुलदार के हमले में सात वर्षीय मासूम सहित महिला घायल,क्षेत्र में दहशत का माहोल

Published: 23 Jun 2026, 11:14 AM
Category: राज्य   |   By: Admin

नई टिहरी। सोमवार देर रात टिहरी जनपद के विकासखंड थौलधार अंतर्गत ग्राम सौड़ उप्पू क्षेत्र में  गुलदार ने अलग-अलग घटनाओं में एक सात वर्षीय बच्ची और एक महिला को हमला कर घायल कर दिया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है।पहली घटना सोमवार रात करीब पौने नौ बजे की है। ग्राम सौड़ उप्पू निवासी रमेश राणा की सात वर्षीय पुत्री तानवी अपने दो मंजिला मकान की छत पर बैठकर पढ़ाई कर रही थी।
इसी बीच गुलदार सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंच गया और मासूम पर झपट पड़ा। बच्ची के शोर मचाने और परिजनों के दौड़ने पर गुलदार वहां से भाग खड़ा हुआ। परिजनों ने लहूलुहान तानवी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।दूसरी घटना इसी रात करीब डेढ़ बजे गुलदार ने उप्पू तल्ला निवासी सुषमा देवी (38) पत्नी रमेश दास पर हमला कर दिया।सुषमा देवी अपने बच्चों के साथ मकान की छत पर सो रही थीं, तभी गुलदार ने उन पर हमला कर सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उनके सिर पर टांके लगाए हैं।मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उत्तराखंड किसान सभा के संयुक्त सचिव भगवान सिंह राणा ने अस्पताल का दौरा किया और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। ग्राम प्रधान विकास सिंह ने इस संबंध में जिला प्रशासन और वन विभाग को पहले ही लिखित रूप से सचेत किया था, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी टिहरी पुनीत तोमर से फोन पर वार्ता कर क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की।

वीडियो और देखें
×