विश्व ऑटिज्म दिवस पर रामनगर में जागरूकता अभियान, बच्चों ने चित्रकला से दिया ‘स्वस्थ गांव’ का संदेश

Published: 02 Apr 2026, 04:16 PM   |   Updated: 02 Apr 2026, 04:18 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

विश्व ऑटिज्म दिवस के अवसर पर रामनगर के पीरूमदारा स्थित किसान इंटर कॉलेज में संवेदना फाउंडेशन द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और “मेरा गांव स्वस्थ गांव” विषय पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बाद आयोजित गोष्ठी में बच्चों को ऑटिज्म के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी राहुल सिंह दर्मवाल रहे। इस दौरान अनिल भंडारी ने बच्चों को ऑटिज्म के बारे में विस्तार से जानकारी दी, वहीं विशेष शिक्षिका प्रतिभा रावत ने दिव्यांगता के विभिन्न प्रकारों पर प्रकाश डाला।

विद्यालय के प्रधानाचार्य हरेंद्र सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बच्चों को इस तरह के कार्यक्रमों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में सादिया मलिक ने प्रथम, प्रियांशु ने द्वितीय और हिमांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को संस्था की ओर से पुरस्कृत किया गया, जबकि सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, संस्था के सदस्य और कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वीडियो और देखें
×