स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Published: 06 Jul 2026, 08:37 AM
Category: अपराध   |   By: Admin

उधम सिंह नगर। जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान कपिल शर्मा पुत्र देवी शरण शर्मा के रूप में हुई है, जो यूपी के बुलंदशहर जिले के पोस्ट एग्रीकल्चर स्कूल थाना सिटी के रहने वाले थे। कपिल शर्मा दिनेशपुर के धर्मपुर क्षेत्र में रहते थे और फाइबर कंपनी में कार्यरत थे। कपिल शर्मा परिवार में तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे।
मृतक के चचेरे भाई सुधीर ने बताया कि घटना देर रात लगभग की बताई जा रही है। कपिल शर्मा अपने कुछ दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कपिल को मृत अवस्था में देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना तत्काल दिनेशपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत डूबने, किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या किसी अन्य कारण से हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के समय की परिस्थितियों की सही जानकारी मिल सके. इसके अलावा युवक के साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके।

वीडियो और देखें
×