"शूट एंड स्कूट" रणनीति से संस्थाओं पर हमला? पूर्व सैन्य अधिकारियों ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

Published: 14 Oct 2026, 01:41 PM
Category: राज्य   |   By: Rishikesh Darpan

देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अजीत डोभाल पर टिप्पणियों को लेकर पूर्व सैन्य अधिकारियों ने 'शूट एंड स्कूट' रणनीति अपनाने का आरोप लगाया है। पूर्व मेजर जनरल सम्मी सबरवाल ने कहा कि आरोप लगाने के बाद जवाबदेही से बचना सही तरीका नहीं है। उनके मुताबिक, यह पहले आरोप लगा दो और जब जवाब मांगा जाए तो पीछे हट जाओ वाली रणनीति है।

सबरवाल ने सवाल उठाया कि अगर कोई अधिकारी अपने पद की सीमाओं के कारण जवाब नहीं दे सकता, तो क्या उसके खिलाफ लगाए जा रहे हर आरोप को बिना जवाब के छोड़ दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को लेकर जनता के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने वेनेजुएला का उदाहरण देते हुए दावा किया कि कुछ देशों में चुनावी प्रक्रिया और संस्थाओं पर सवाल उठाने के बाद राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की रणनीति अपनाई गई। उन्होंने इसे अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए से जुड़ी कथित रणनीति बताते हुए आशंका जताई कि भारत में भी इसी तरह का माहौल बनाने की कोशिश हो सकती है। सबरवाल ने राहुल गांधी द्वारा पहले पेगासस मामले में भी सवाल उठाने का जिक्र किया और कहा कि जब आरोप लगाए जाते हैं तो उन्हें साबित करने की जिम्मेदारी भी होनी चाहिए।

×