स्वस्थ बचपन, सशक्त मातृशक्ति: सशक्त उत्तराखंड की मजबूत नींव - मुख्यमंत्री धामी

Published: 07 Oct 2026, 12:07 AM
Category: राज्य   |   By: Rishikesh Darpan

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के आंगनबाड़ी केंद्र गोसीकुआ भुड़ाई में आयोजित 'आंगन मिलन' कार्यक्रम में यह दोहराया कि स्वस्थ बचपन और सशक्त मातृशक्ति ही सशक्त उत्तराखंड की मजबूत नींव हैं। उन्होंने इस दिशा में सरकार के प्रयासों और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और गोदभराई रस्म में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं को आशीर्वाद दिया, साथ ही पौष्टिक आहार सामग्री और महालक्ष्मी किट वितरित की। मुख्यमंत्री ने 05 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया और आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'आंगन मिलन' जैसे कार्यक्रम सेवा, स्नेह और संवाद को प्रत्येक व्यक्ति और हर घर तक पहुंचाने का माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उनके जनकल्याणकारी कार्यों को भी याद किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के अच्छे पोषण, बेहतर स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास के केंद्र बनें। उन्होंने जोर दिया कि प्रारंभिक बाल्यावस्था जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है, और इस दौरान बच्चों को उचित देखभाल, पौष्टिक आहार, प्रारंभिक शिक्षा और अच्छे संस्कार मिलना उनके स्वस्थ एवं सशक्त भविष्य की मजबूत नींव रखता है।

×