सीपू में सड़क पहुंचने से पर्यटन को मिलेगा पंख, खुले रोजगार के नए द्वार

Published: 02 Nov 2026, 12:03 PM
Category: राज्य   |   By: Rishikesh Darpan

पिथौरागढ़। चीन सीमा से लगे सीपू गांव तक सड़क पहुंचने से अब यह दुर्गम क्षेत्र पर्यटन के मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने को तैयार है। आजादी के 79 साल बाद मिली इस कनेक्टिविटी से गांव में न केवल ग्रामीणों की जिंदगी आसान होगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। सीपू गांव अपनी प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के लिए जाना जाता है।

गांव के समीप महादेव मंदिर में भगवान शिव के पदचिह्न विद्यमान हैं, जो इसे एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल बनाते हैं। इसके अलावा, महादेव गुफा, मिलती बाई ताल, पार्वती ताल, छू मापांग ताल और आंचरी ताल जैसे कई आकर्षक स्थल पर्यटकों को अपनी ओर खींच सकते हैं। सड़क सुविधा मिलने से अब आदि कैलास, ओम पर्वत और पंचाचूली ग्लेशियर जैसे प्रमुख पर्यटक स्थलों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी इस क्षेत्र का भ्रमण सुगम हो जाएगा।

ग्रामीणों का मानना है कि सड़क पहुंचने से सीपू की पहचान देश-दुनिया में बढ़ेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अनेक अवसर पैदा होंगे, जैसे होम स्टे का संचालन, स्थानीय उत्पादों का विपणन और विभिन्न पर्यटन गतिविधियों में सहभागिता। यह विकास सीमांत गांवों में पलायन रोकने और स्थानीय आबादी को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

×